मधुबनी , मई 18 -- बिहार में मधुबनी जिला के मधेपुर प्रखंड की प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) मरजीना खातून को रिश्वत लेने के आरोप में शिक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

विभाग ने यह बड़ी कार्रवाई विद्यालय परित्याग प्रमाण (टीसी) पर प्रतिहस्ताक्षर करने के बदले छात्रों से अवैध राशि लेने का मामला जांच में सही पाए जाने के बाद की है।

शिक्षा विभाग की ओर से आज जारी जारी आदेश के अनुसार, मरजीना खातून से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में टीसी पर हस्ताक्षर के बदले रुपये मांगने का आरोप लगाया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) अक्षय कुमार पांडेय और मधेपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी को स्थलीय जांच कर अनुशंसा के लिए कहा गया।

जांच के दौरान वीरपुर के छात्रों और उनके अभिभावकों का बयान लिया गया। छात्रों ने अधिकारियों के समक्ष बताया कि टीसी प्रतिहस्ताक्षर कराने के लिए उनसे रुपये लिए गए थे। जांच रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि बीईओ अपने सरकारी कार्यालय के बजाय निजी आवास से ही कार्यालय का संचालन कर रही थीं। इसे विभागीय नियमों के खिलाफ माना गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित