मधुबनी , अप्रैल 09 -- बिहार में मधुबनी जिला के पंडौल थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि बुधवार की देर रात अपराधियों ने भगवतीपुर ईदगाह के समीप बाइक सवार एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान भैरवस्थान थाना क्षेत्र के लोहना गांव निवासी राजू यादव के पुत्र रमनजी यादव के रूप में की गई है।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार,सदरपुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी)1 अमित कुमार और पंडौल थानाध्यक्ष दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्यों के संकलन के लिए पुलिस अधीक्षक ने तुरंत विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) टीम को मौके पर बुलाया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक रमनजी यादव पूर्व में शराब तस्करी के दो मामलों में जेल जा चुका है। उसका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है, जिसको देखते हुए पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में शामिल अपराधियों की गिरफ़्तारी के लिए सदर डीएसपी-1के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर दिया गया है। पुलिस हर पहलुओं पर बारीकी से छानबीन कर रही है। जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित