मधुबनी , मार्च 17 -- बिहार में आर्थिक अपराध इकाई (इओयू) की टीम ने आय से अधिक संपत्ति मामले में मधुबनी जिले के बिजली विभाग के एक कार्यपालक अभियंता के सात ठिकानों पर छापेमारी की है।

आधिकारिक सूत्रों ने आज बताया कि इओयू ने मधुबनी जिले के जयनगर स्थित इलेक्ट्रिक सप्लाई डिवीजन में तैनात बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता मनोज कुमार रजक के दरभंगा, मधुबनी एवं सुपौल जिले के सात ठिकानों पर छापेमारी की है। ईओयू की टीम अभियंता के आवासीय और व्यावसायिक परिसरों की गहन जांच कर रही है और दस्तावेजों को खंगाल रही है।

सूत्रों ने बताया कि प्राथमिक जांच में अभियंता के पास आय से 62 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने की जानकारी प्राप्त हुई है। इस मामले में इओयू ने थाने में एक प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।

ईओयू अधिकारियों के अनुसार, जांच अभी जारी है और जैसे-जैसे तथ्य सामने आएंगे, आगे की कानूनी प्रक्रिया तेज की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित