मधुबनी , मार्च 20 -- मधुबनी जिला मुख्यालय में शुक्रवार को कला,संस्कृति एवं परंपरा के अद्भुत संगम मिथिला महोत्सव 2026 का शानदार शुभारंभ हुआ।
जिलाधिकारी(डीएम) आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) योगेंद्र कुमार ने दो दिवसीय महोत्सव का स्थानीय वाट्सन उच्च विद्यालय परिसर में केक काटकर एवं गुब्बारों को आकाश में उड़ाकर शानदार आगाज किया।
इसके बाद डीएम एवं एसपी ने मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं धरोहरों को प्रदर्शित तथा विभिन्न विभागों यथा-आपूर्ति विभाग,समाज कल्याण विभाग,महिला विकास निगम, स्वास्थ्य विभाग,शिक्षा विभाग,कृषि विभाग,आपदा विभाग, परिवहन विभाग,सामाजिक सुरक्षा,पशुपालन विभाग, मिथिला चित्रकला संस्थान, डीआरसीसी,सहकारिता विभाग, कृषि विभाग सहित अन्य विभागीय स्टॉल का निरीक्षण भी किया।
इस महोत्सव में महिला एवं बाल विकास निगम ने एक आकर्षक एवं जागरूकता आधारित स्टॉल स्थापित किया है। इस स्टॉल के माध्यम से आम जनमानस को महिला एवं बाल विकास निगम के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं, जैसे वन स्टॉप सेंटर,181 महिला हेल्पलाइन,बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ,सखी योजना,नारी शक्ति योजना आदि की विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी। स्टॉल पर उपस्थित कर्मियों ने आगंतुकों को योजनाओं के उद्देश्य,लाभ, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी, जिससे अधिक से अधिक लोगों को इन योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके। विशेष रूप से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों,सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।
डीएम ने स्टॉल का निरीक्षण करते हुए प्रदर्शित सामग्रियों एवं दी जा रही जानकारी का अवलोकन किया तथा संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी श्री शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक श्री कुमार ने मिथिला महोत्सव के अवसर पर मुख्य समारोह स्थल में आपदा प्रबंधन विभाग के स्टॉल का उदघाटन किया। आपदा प्रबंधन विभाग के स्टॉल में एसडीआरएफ की टीम ने आपदा से बचाव, सीपीआर,आदि की भी जानकारी दी। वही आपदा से संबंधित विभिन्न आधुनिक उपकरणों का भी प्रदर्शन किया और आपदा से बचाव सहित सरकार की विभिन्न योजनाओं का पंपलेट का भी वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शिवगंगा बालिका विद्यालय, पोल स्टार स्कूल, रिजनल सेकेंड्री की छात्राओं खुशी,ऋचा,खुशी,अनु, संधया, रिया सृष्टि,पीहू आदि ने मैथिली लोक नृत्य की प्रस्तुति की,वहीँ अन्य स्कूली छात्र-छात्राओं ने भावपूर्ण नृत्य, लोकनृत्य एवं लोकगीत की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ अभिषेक कुमार ने किया। इस अवसर पर डीडीसी सुमन प्रसाद साह,प्रशिक्षु आईएएस विरूपक्ष विक्रम सिंह,नगर आयुक्त,उमेश भारती, एडीएम मुकेश रंजन,एडीएम (आपदा) संतोष कुमार,डीटीओ रामबाबू, एसडीओ चंदन झा,पुलिस उपाधीक्षक रश्मि,डीपीआरओ परिमल कुमार सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित