मधुबनी , जनवरी 24 -- बिहार में मधुबनी जिला के घोघरडीहा प्रखंड विकास पदाधिकारी(बीडीयो) से मोबाइल फोन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के एक मामले में थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी विकास कुमार के लिखित आवेदन पर फुलपरास थाना क्षेत्र के गड़वा निवासी महेंद्र मंडल के पुत्र विद्यानंद मंडल के विरुद्ध घोघरडीहा थाना में कांड संख्या 8/2026 दर्ज किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी के सरकारी मोबाइल नंबर पर बार-बार कॉल कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ ने तत्काल थाने को लिखित शिकायत सौंपते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में घोघरडीहा थानाध्यक्ष शुभम कुमार ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और शीघ्र ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी। प्रशासनिक पदाधिकारी को धमकी देने की इस घटना के बाद प्रखंड व थाना स्तर पर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित