मधुबनी , मार्च 01 -- बिहार के मधुबनी जिले के घोघरडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमही गांव में न्याय की गुहार लगाने गई 40 वर्षीय महिला के साथ कथित अमानवीय व्यवहार और मारपीट का मामला सामने आया है।
इलाज के दौरान पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में महिला की मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतका की पहचान अमही गांव वार्ड संख्या-11 निवासी मो. सहासुद्दीन की पत्नी रौशन खातून के रूप में हुई है। आरोप है कि 25 फरवरी की सुबह वह अपनी फरियाद लेकर स्थानीय मुखिया कुमारी देवी के घर पहुंची थी, जहां विवाद बढ़ने पर मुखिया के परिजनों ने उसे खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा। गंभीर हालत में महिला को पहले पीएचसी घोघरडीहा, फिर अनुमंडलीय अस्पताल फुलपरास और बाद में दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिये पीएमसीएच भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। त्वरित कार्रवाई करते हुये मुख्य आरोपी मुखिया के पुत्र मगनू सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की पुष्टि डीएसपी अमित कुमार ने करते हुये कहा कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
मृतका अपने पीछे एक पुत्र और दो पुत्रियों समेत तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित