मधुबनी , मई 20 -- बिहार में मधुबनी के पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने अनुसंधान में लापरवाही के आरोप में मधुबनी के एससी/एसटी थाना प्रभारी रविंद्र राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एससी/एसटी थाना में दर्ज एक महत्वपूर्ण मामले के अनुसंधान में थाना प्रभारी रविंद्र राम द्वारा घोर लापरवाही बरती जा रही थी। मामले की समीक्षा के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं। जांच प्रक्रिया में देरी और कोताही की शिकायत मिलने पर एसपी योगेन्द्र कुमार ने स्वयं संज्ञान लिया।

पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खासकर एससी/एसटी जैसे संवेदनशील मामलों में त्वरित और निष्पक्ष जांच पुलिस की प्राथमिकता है।

पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश के बाद रविंद्र राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए पुलिस केंद्र मधुबनी में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित