गोपालगंज,29अगस्त (वार्ता)बिहार में गोपालगंज के जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में शनिवार को शराबबंदी एवं मद्यनिषेध से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिला पदाधिकारी ने थाना स्तर पर लंबित शराब से संबंधित कांडों, जब्त शराब के विनष्टीकरण तथा शराब तस्करी में प्रयुक्त वाहनों के राजसात ( अधिकरण) की कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मद्यनिषेध सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए शराब के अवैध कारोबार, परिवहन एवं भंडारण के विरूद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं बरती जाए।

समीक्षा के दौरान प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार 01 अप्रैल 2016 से 26 अगस्त 2026 तक जिले के विभिन्न थानों में शराब से संबंधित लंबित मामलों में कुल 27,629.370 लीटर शराब का विवरण दर्ज है। इसमें स्प्रिट, चुलाई शराब, देशी शराब एवं विदेशी शराब की मात्रा शामिल है। साथ ही 256 वाहनों से संबंधित मामले भी लंबित दर्शाए गए हैं, जिनमें अधिहरण की कार्रवाई की जानी है।

जिला पदाधिकारी ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिये कि न्यायालय एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लंबित शराब मामलों के निष्पादन में तेजी लाई जाए। जब्त शराब के विनष्टीकरण के लिए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। इसके साथ ही जिन मामलों में शराब की तस्करी या परिवहन में वाहनों का उपयोग हुआ है, उन वाहनों के विरूद्ध नियमानुसार अधिहरण का प्रस्ताव शीघ्र भेजने का निर्देश दिया गया।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि शराबबंदी के तहत दर्ज पुराने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उनके निष्पादन की कार्रवाई की जाए। साथ ही जब्त शराब के मामलों में आवश्यक दस्तावेजों एवं अभिलेखों को अद्यतन रखते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित