नयी दिल्ली , अप्रैल 18 -- दिल्ली से मदीना के लिए हज यात्रियों की पहली उड़ान शनिवार को रवाना हुई।
अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने आज बताया कि मंत्रालय के सचिव डॉ. श्रीवत्स कृष्णा ने दिल्ली से हज 2026 की प्रथम उड़ान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने प्रस्थान स्थल पर यात्रियों को संबोधित करते हुए सुगम, सुरक्षित और आध्यात्मिक रूप से परिपूर्ण यात्रा के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी।
डॉ. कृष्णा ने हज यात्रियों को आश्वस्त किया कि भारत सरकार उनकी सुविधा और कल्याण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास और सऊदी अधिकारियों के साथ समन्वय से चिकित्सा सहायता और रसद सहायता सहित व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि हज यात्रा का सुगम अनुभव हो सके।
हज यात्रियों से बातचीत करते हुए सचिव ने हज प्रक्रिया को अधिक समावेशी, पारदर्शी और कुशल बनाने के लिए सरकार के निरंतर प्रयासों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आवेदन प्रक्रिया का पूर्णतः डिजिटलीकरण, चयन में अधिक पारदर्शिता और प्रस्थान स्थल पर बेहतर सुविधाओं जैसे निरंतर सुधारों ने देश भर के हज यात्रियों के लिए हज यात्रा में सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित