पटना , सितम्बर 02 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) मुख्यालय प्रभारी एवं प्रदेश प्रवक्ता अंजुम आरा ने राज्य के मदरसों में कार्यरत शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मियों के छह माह के बकाया वेतन भुगतान के निर्णय का स्वागत किया है।
श्रीमती अंजुम ने इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के त्वरित पहल के लिए विशेष तौर पर उन्हें धन्यवाद देने के साथ उनका आभार व्यक्त किया है।
जदयू प्रवक्ता ने कहा कि मदरसा शिक्षकों एवं कर्मियों ने नीतीश कुमार से मुलाकात के दौरान अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया था और श्री कुमार ने उनकी समस्याओं से सहमति जताते हुए फौरन पहल की, जिसके बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मदरसा शिक्षक-कर्मियों के हित में तुरंत निर्णय लिया, जो सरकार की संवेदनशीलता और कर्मचारी हितों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
श्रीमती अंजुम ने मदरसा शिक्षक एवं कर्मियों की समस्याओं से संबंधित मामलों पर त्वरित कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री श्री चौधरी तथा दोनों उपमुख्यमंत्रियों विजय कुमार चैधरी एवं विजेंद्र प्रसाद यादव का भी हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
जदयू प्रवक्ता ने कहा कि मदरसा के शिक्षक-कर्मियों के बकाया वेतन भुगतान के लिए सरकार की ओर से 276 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सरकार के इस निर्णय से इन संस्थानों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों के बीच संतोष और विश्वास का माहौल बनेगा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री कुमार समाज के सभी वर्गों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील हैं। उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में मौजूदा राजग सरकार आगे भी शिक्षा, शिक्षक एवं कर्मचारी हितों से जुड़े विषयों पर इसी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ फैसले लेती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित