नैनीताल , अप्रैल 21 -- लालकुआं स्थित मदरसन कंपनी में चल रहे श्रमिक आंदोलन के दौरान अशांति फैलाने की साजिश रचने वाले बाहरी तत्वों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 30 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, कुछ बाहरी अराजक तत्व श्रमिकों की आड़ में कंपनी परिसर में माहौल बिगाड़ने, तोड़फोड़, आगजनी और हिंसा भड़काने की फिराक में थे। साथ ही इन लोगों पर पुलिस कार्य में बाधा डालने, बैरियर तोड़ने और श्रमिकों को उकसाने के भी आरोप हैं। समय रहते पुलिस ने साजिश को विफल कर स्थिति को नियंत्रण में रखा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट किया है कि औद्योगिक क्षेत्रों में शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर ऐसे तत्वों पर गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है औद्योगिक नगरी नोएडा की तर्ज़ पर नैनीताल के लालकुआं स्थित मदरसन कंपनी में भी श्रमिक और कंपनी प्रबंधन के बीच गतिरोध पैदा हो गया था। श्रमिक अनशन शुरू कर दिया था।

आरोप है कि कुछ बाहरी तत्व नोएडा की तर्ज़ पर यहां भी माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे। प्रशासन ने मंगलवार को श्रम विभाग, पुलिस, मदरसन कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के साथ मिलकर गतिरोध को खत्म कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित