अलवर , अप्रैल 15 -- राजस्थान में भिवाड़ी एवं टपूकड़ा में मदरसन सुमी वायरिंग इंडिया लिमिटेड फैक्ट्री की संचालित दोनों इकाईयों में दो दिन से जारी हड़ताल बुधवार को समझौते के बाद समाप्त हो गई।

आंदोलन कर रहे सभी श्रमिक कल से ड्यूटी पर रहेंगे। कंपनी के मानव संसाधन विभाग द्वारा जारी सूचना में बताया कि प्रबंधन द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि कर्मचारियों की वेतन वृद्धि सकल वेतन 11 हजार 819 से बढ़कर 15 हजार 221 रुपए प्रति महीने कर दी गई है जो एक अप्रैल 2026 से प्रभावी होगी।

इसके अलावा ओवरटाइम की दर 75 रुपए प्रति घंटा किया गया है। प्रबंधन ने सभी कर्मचारियों से अनुरोध किया कि वे निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अनुशासन में रहकर अपना कार्य करें । इसके साथ ही कर्मचारियों से अपेक्षा की गई है कि वे कार्य स्थल पर अनुशासन बनाए रखेंगे ,किसी भी प्रकार की व्यवस्था से बचें। कोई कर्मचारी कार्य स्थल एवं कंपनी परिसर में अनुशासनहीनता करता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियम अनुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उधर समझौता वार्ता के बाद श्रमिकों ने बताया कि अब उनका सकल वेतन 16 हजार 339 रुपए रहेगा। उन्होंने इसके लिए फैक्ट्री प्रबंधन का आभार जताया। इस फैक्ट्री में श्रमिक मुख्य रूप से 20 हजार रुपए न्यूनतम वेतन देने की मांग पर अड़े थे। उत्तर प्रदेश के नोएडा में इस कंपनी से आंदोलन शुरू हुआ जो अब इस कंपनी की दूसरी यूनिट तक आंदोलन की आग यहां तक पहुंच गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित