धार , अप्रैल 10 -- मध्यप्रदेश के धार शहर में एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। त्रिमूर्ति नगर स्थित एक एटीएम पर मदद के बहाने अज्ञात जालसाज ने वृद्ध महिला के बेटे को झांसा देकर उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और दो दिनों के भीतर खाते से लाखों रुपये निकाल लिए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार एलआईजी कॉलोनी दीनदयालपुरम निवासी कमलाबाई पति कैलाश नारायण जोशी का खाता एसबीआई शाखा कश्यप भवन में है। उनका पुत्र संतोष जोशी त्रिमूर्ति नगर स्थित एटीएम से पैसे निकालने गया था। वहां पहले से मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे यह कहकर भ्रमित किया कि उसका कार्ड नीचे गिर गया है। इसी दौरान आरोपी ने चालाकी से असली कार्ड बदलकर फर्जी कार्ड थमा दिया।
संतोष द्वारा मशीन में कार्ड डालने पर पैसे नहीं निकले, जिसके बाद वह घर लौट आया। घटना का खुलासा तब हुआ जब 6 अप्रैल को महिला की पोती श्रुति जोशी बैंक पहुंची और स्टेटमेंट जांचा। इसमें 27 और 29 मार्च के बीच खाते से दो लाख तेरह हजार नौ सौ ग्यारह रुपये निकाले जाने की जानकारी सामने आई।
जालसाजों ने एटीएम से नकदी निकालने के साथ ही उज्जैन और भोपाल के ज्वेलरी शोरूम में कार्ड के जरिए सोने के आभूषणों की खरीदारी भी की। इसके अलावा धार स्थित एक ऑटोमोबाइल दुकान पर भी इस कार्ड से भुगतान किया गया, जिसकी ट्रांजेक्शन हिस्ट्री पुलिस को मिली है।
पीड़ित महिला ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित एटीएम के सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने के लिए बैंक के नोडल अधिकारी को पत्र लिखा है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि एटीएम का उपयोग करते समय किसी अनजान व्यक्ति से मदद न लें और अपना पिन कोड गोपनीय रखें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित