मथुरा , जून 09 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) आगरा यूनिट और गोविंद नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार रुपये के इनामी शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी अक्तूबर 2025 में गोविंद नगर क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना में वांछित चल रहा था।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि एसटीएफ को सूचना मिली थी कि मेरठ के सिलाढ़ी क्षेत्र निवासी मोहम्मद शाहिद उर्फ कल्लू राठौर जयसिंहपुरा इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर एसटीएफ के उपनिरीक्षक रजनीश चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने गोविंद नगर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर मंगलवार रात करीब नौ बजे जयसिंहपुरा चौराहे के निकट पथवारी मंदिर मार्ग से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले लगभग 15 वर्षों से अपने गिरोह के साथ विभिन्न जनपदों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता रहा है। गिरोह टैक्सी के माध्यम से मेरठ, मथुरा, गाजियाबाद समेत अन्य शहरों में पहुंचकर बंद मकानों को निशाना बनाता था और वारदात के बाद चोरी का सामान लेकर फरार हो जाता था। आरोपी के विरुद्ध मेरठ, गाजियाबाद और मथुरा के विभिन्न थानों में चोरी, आबकारी अधिनियम सहित अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
उल्लेखनीय है कि गोविंद नगर के 80 फुटा क्षेत्र निवासी विजय प्रकाश अग्रवाल ने 31 अक्तूबर 2025 को अपने बंद मकान से 80 हजार रुपये नकद तथा लाखों रुपये मूल्य के आभूषण चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में चार बदमाश चोरी करते दिखाई दिए थे। पुलिस ने घटना के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि शाहिद उर्फ कल्लू, गिरोह का सरगना नौशाद उर्फ छेतरिया तथा आजाद उर्फ जुबैर उर्फ पीटर फरार हो गए थे।
पुलिस के अनुसार बाद में बुलंदशहर पुलिस ने एक अन्य मामले में मुठभेड़ के दौरान आजाद उर्फ जुबैर को मार गिराया था, जबकि गिरोह के मास्टरमाइंड नौशाद को मेरठ पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शाहिद की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
गोविंद नगर थाना प्रभारी रवि त्यागी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित