मथुरा , मई 26 -- मथुरा की थाना कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी तथा वाहन चोरी करने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 41 किलो से अधिक अवैध गांजा, नकदी और दो लग्जरी वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह कार्रवाई मंगलवार तड़के करीब 2:30 बजे कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद बाबू मिश्रा के नेतृत्व में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर अवैध मादक पदार्थों की खेप लेकर निकलने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और स्वाट टीम ने अलवर-बाजना रेलवे पुल के पास कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर चार अभियुक्तों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विष्णु दत्त निवासी जुनसुटी जनपद मथुरा तथा अजीत, हिमांशु और नीरज निवासी थाना लाइन बाजार जनपद जौनपुर के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 41 किलो 763 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत बाजार में लाखों रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा 2 लाख 20 हजार रुपये नकद, एक मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार तथा एक चोरी की टाटा हैरियर कार भी बरामद की गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। मुख्य आरोपी विष्णु दत्त पूर्व में थाना बल्देव क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुका है, जबकि अजीत के खिलाफ जौनपुर में मारपीट और धमकी देने के मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली में चारों अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित