मथुरा , मार्च 30 -- मथुरा में बाल विकास सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 328 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए, साथ ही कार्यकत्रियों को स्मार्ट फोन देकर डिजिटल रूप से सशक्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसमें प्रदेशभर की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्ट फोन वितरित किए गए और नए केंद्रों का लोकार्पण किया गया। मथुरा में इस अवसर पर विधायक पूरन प्रकाश, एमएलसी ओम प्रकाश सिंह, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता मौजूद रहे।

स्थानीय स्तर पर विधायक और एमएलसी ने जनपद में पिछले वर्ष निर्मित 80 आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही छाता, नंदगांव, फरह और नौहझील में चार नए बाल विकास परियोजना कार्यालयों का शिलान्यास किया गया तथा तीन आदर्श आंगनबाड़ी केंद्रों (दो बल्देव और एक फरह) की आधारशिला रखी गई।

जिला कार्यक्रम अधिकारी बुद्धि मिश्रा ने बताया कि जनपद में 57 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 271 सहायिकाओं का चयन किया गया है। कलेक्ट्रेट में 12 कार्यकत्रियों और 12 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जबकि शेष को उनके संबंधित क्षेत्रों में वितरित किया जाएगा। इसके अलावा पिछले वर्ष चयनित 24 कार्यकत्रियों को स्मार्ट फोन भी वितरित किए गए।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि तकनीक का उद्देश्य पारदर्शिता और कार्यों में दक्षता लाना है। उन्होंने सभी कार्यकत्रियों को निर्देश दिए कि वे स्मार्ट फोन के माध्यम से विभागीय डेटा की ऑनलाइन फीडिंग समय पर सुनिश्चित करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित