मथुरा , जुलाई 3 -- मथुरा में शुक्रवार को हुई तेज बारिश ने उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत दी लेकिन जगह जगह हुआ जलभराव समस्या लेकर भी आया। शहर के ज्यादातर इलाकों में सड़कों पर पानी भर जाने से राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दोपहर करीब 1 बजे कुछ देर रिमझिम बारिश हुई उसके बाद तेज बारिश शुरू हो गई। आधा घंटे तक गरज के साथ बरसात होने से मौसम में बदलाव देखने को मिला। उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। यहां सुबह से ही बादल छाए हुए थे और उमस भरी गर्मी ने हाल बेहाल किया हुआ था। लोग पसीने से तर बतर होकर बादलों की तरफ देख रहे थे।
बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत प्रदान की वहीं शहर में हुआ जलभराव लोगों के लिए समस्या बन गया। सबसे ज्यादा स्थिति खराब भूतेश्वर तिराहा पर दिखाई दी। यहां रेलवे पुल के नीचे काफी पानी भरा दिखाई दिया। जिसके कारण राहगीरों को निकलने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। बारिश का पानी श्री जी बाबा आश्रम में बनी दुकानों में भी घुस गया।
भूतेश्वर पुल पर रेलवे द्वारा चौथी लाइन डालने का काम किया जा रहा है। जिसकी बजह से यहां पहले से ही यातायात व्यवस्था बनाए रखने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में बारिश के बाद हुए जलभराव ने और समस्या बढ़ा दी। पुल के नीचे स्थित यह हो गई कि वाहन चालक वहां से अपने वाहन को नहीं निकाल पा रहे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित