मथुरा , अक्टूबर 18 -- मथुरा में समाजवादी पार्टी की निवर्तमान महानगर अध्यक्ष ऋतु गोयल और उनके साथियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आजाद नगर (सोंख रोड) निवासी मनीष आजाद (पुत्र बाबूलाल) की शिकायत पर मुख्यमंत्री पोर्टल और उच्च अधिकारियों के आदेश के बाद पुलिस ने सपा नेत्री ऋतु गोयल, उनके बाउंसरों और अज्ञात साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पीड़ित ने सपा नेत्री पर मारपीट करने, जातिसूचक शब्द कहने और गले में साफी (अंगोछा) का फंदा डालकर जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगाया है।
एफआईआर के अनुसार, घटना 19 अगस्त 2026 की दोपहर करीब 2:00 बजे की है। पीड़ित मनीष आजाद अपने साथी देवीनन्दन कश्यप के साथ एनएम-19 बरारी स्थित देवी मंदिर/हनुमान बगीची के पास खड़े थे। उसी समय गांव बरारी में एक मीटिंग से लौट रहीं सपा की निवर्तमान महानगर अध्यक्ष ऋतु गोयल (पत्नी मनोज गोयल, निवासी राधापुरम स्टेट हाईवे, मथुरा) ने पीड़ित को देखकर अपनी गाड़ी रुकवा ली। आरोप है कि ऋतु गोयल ने गाड़ी से उतरकर अपने साथ मौजूद दो बाउंसरों व अज्ञात व्यक्ति को आदेश देकर मनीष व उनके साथी को पकड़वा लिया।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि सपा नेत्री ऋतु गोयल ने पीड़ित के साथ गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और कहा कि "तुम ज्यादा बड़े नेता बन रहे हो, आज तुम्हें सबक सिखाती हूँ"। आरोप के मुताबिक, ऋतु गोयल के ललकारने पर उनके साथियों ने पीड़ित की गर्दन में पड़ी साफी का फंदा बनाकर उसे जान से मारने की नीयत से खींचना शुरू कर दिया।
पीड़ित की चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद देवीनन्दन कश्यप, शिवकुमार चौधरी व अन्य ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। लोगों को इकट्ठा होता देख आरोपी अवैध असलहे लहराते हुए और आइंदा जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।
पीड़ित मनीष आजाद ने बताया कि आरोपी सपा नेत्री द्वारा इससे पूर्व 22 अप्रैल 2026 को भी फोन और मौखिक रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर धमकियां दी गई थीं, जिसकी शिकायत उन्होंने पूर्व में दर्ज कराई थी। पीड़ित ने अपनी और अपने परिवार की जान-माल का खतरा जताते हुए सुरक्षा की मांग की है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (उप सचिव उत्तर प्रदेश सरकार) के आदेश और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देश पर थाना कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच क्षेत्राधिकारी (डीएसपी) स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित