मथुरा , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले की हाईवे पुलिस और रिवार्डी टीम ने बुधवार देर रात एक मुठभेड़ में शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अनिल कपरवान ने बताया कि 15/16 फरवरी की रात भगवती नगर (चन्द्रपुरी) क्षेत्र में एक मकान से बड़ी चोरी की घटना हुई थी। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर राजस्थान निवासी राजवीर की तलाश की जा रही थी। बुधवार रात करीब 10:05 बजे सूचना मिली कि आरोपी प्लेटिना मोटरसाइकिल से अडूकी रोड की ओर आने वाला है। सूचना पर थाना हाईवे पुलिस और रिवार्डी टीम ने रेलवे लाइन के पास घेराबंदी की।

पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख अभियुक्त ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक गोली उसके बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का तमंचा, कारतूस तथा भारी मात्रा में चोरी के जेवरात बरामद हुए। बरामद सामान में पीली धातु की चार चेन, पायल, बिछुए शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित