मथुरा , अप्रैल 25 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में थाना मगोर्रा पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए मृतक के तीन बेटों, पत्नी और एक पड़ोसी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार शराब की लत और पारिवारिक कलह से तंग आकर परिजनों ने ही भोहरे लाल की हत्या कर दी और पड़ोसी को फंसाने की साजिश रची थी। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि 22 अप्रैल 2026 को ऊंचागांव निवासी भोहरे लाल पुत्र गयासी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के एक तालाब किनारे मिला था। मृतक के पुत्र रजत ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की विवेचना और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि मृतक भोहरे लाल शराब पीने का आदी था और प्रतिदिन घर में विवाद करता था। 21-22 अप्रैल की रात भी वह शराब पीकर परिजनों से मारपीट कर रहा था। इसी दौरान हुए विवाद में बेटों और पत्नी ने उसके गले में साफी डालकर खींच दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार घटना को छिपाने के लिए परिजनों ने पड़ोसी बृजेश के साथ मिलकर शव के गले में रस्सा डालकर उसे कमरे में लटकाया, ताकि मामला गला दबाकर हत्या का प्रतीत हो। बाद में शव को घर के सामने तालाब किनारे फेंक दिया गया, जिससे हत्या का आरोप पड़ोसी पर लगाया जा सके।
थाना मगोर्रा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार को सोन चौराहे के पास से राहुल (28), रोहित (25), सौरभ (20) पुत्रगण भोहरे लाल, बृजेश (42) निवासी पड़ोसी तथा संतोष देवी पत्नी भोहरे लाल को गिरफ्तार कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित