मथुरा , सितंबर 25 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के गोवर्धन थाना क्षेत्र के मुखराई गांव में एक युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने के बाद तनाव की स्थिति पैदा हो गई।

परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोसी गांव के निवासी मुश्ताक खान के खिलाफ युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने और धर्मांतरण से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एहतियातन गांव में पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है। परिजनों के अनुसार आरोपी पहले गांव के हनुमान मंदिर में आता-जाता था और प्रसाद बांटता था। इसी दौरान उसने युवती से परिचय बढ़ाया। परिजनों का आरोप है कि बाद में वह युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।

मामले की जानकारी के बाद स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया। चित्रगुप्त पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद महाराज भी समर्थकों के साथ पीड़ित परिवार के पक्ष में पहुंचे। उन्होंने पुलिस से आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और युवती की बरामदगी की मांग की।

आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर स्वामी सच्चिदानंद समर्थकों के साथ पुलिस प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठ गए। उन्होंने पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस ने कहा है कि आरोपी की गिरफ्तारी और युवती की बरामदगी के लिए टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।

क्षेत्राधिकारी गोवर्धन अनिल कुमार ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में एहतियातन पुलिस और पीएसी बल तैनात किया गया है। आरोपी की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित