मथुरा , जुलाई 7 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के मगोर्रा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने मॉर्निंग वॉक पर निकले सात युवकों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में सभी सात युवक घायल हो गए, जिनमें चार को मथुरा और तीन को राजस्थान के भरतपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब छह बजे सौंख-गोवर्धन मार्ग पर हुआ। बचगांव निवासी सात युवक रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आई एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ने एक के बाद एक सभी युवकों को अपनी चपेट में ले लिया और दुर्घटना के बाद वाहन लेकर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल चार युवकों को मथुरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि तीन अन्य को बेहतर इलाज के लिए भरतपुर रेफर किया गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक और वाहन की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित