मथुरा , जुलाई 27 -- उत्तर प्रदेश के विश्वप्रसिद्ध गोवर्धन स्थित मुड़िया पूनो मेला-2026 के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सोमवार को प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से परिक्रमा मार्ग का पैदल निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और मूलभूत सुविधाओं का व्यापक जायजा लिया तथा संबंधित विभागों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) डॉ. अमरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) वेदप्रिय आर्य तथा मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) के सचिव आशीष कुमार सिंह ने परिक्रमा मार्ग और प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मेले के प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और निर्बाध आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए मेला क्षेत्र में त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया जा रहा है। संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के उद्देश्य से बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस), डॉग स्क्वाड तथा एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) की टीमें लगातार सक्रिय रहेंगी। प्रमुख स्थलों और परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी, जबकि भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण के लिए विशेष कार्ययोजना लागू की जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि मेला अवधि में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं तथा तैयारियों की नियमित समीक्षा की जा रही है, जिससे मुड़िया पूनो मेला-2026 का आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित