मथुरा , अगस्त 17 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सोमवार को छापा मारकर एक अवैध पनीर निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान 500 किलोग्राम दूषित पनीर और 2000 लीटर दूध नष्ट कराया गया तथा संबंधित कारोबारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिलाधिकारी मथुरा के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.के. त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने थाना शेरगढ़ क्षेत्र के ग्राम हुसैनी स्थित सोनू कुमार की पनीर निर्माण इकाई पर छापेमारी की। छापे के दौरान टीम ने मिलावटी पनीर निर्माण में प्रयुक्त विभिन्न रसायन और सामग्री बरामद की। इनमें स्किम्ड मिल्क पाउडर, 80 किलोग्राम रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, 20 किलोग्राम टीनोपाल केमिकल तथा 12 किलोग्राम रंगकाट (सोडियम हाइड्रो सल्फेट) शामिल हैं।
जनस्वास्थ्य को देखते हुए मौके पर मौजूद 500 किलोग्राम दूषित पनीर, जिसकी अनुमानित कीमत 1.05 लाख रुपये आंकी गई है, तथा 2000 लीटर दूध, जिसकी अनुमानित कीमत 1.25 लाख रुपये है, को नष्ट करा दिया गया। शेष संदिग्ध एवं अपमिश्रक सामग्री को सीज कर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा टीम ने प्रतिष्ठान से पनीर के दो, दूध के दो तथा रिफाइंड पामोलीन ऑयल, सोयाबीन ऑयल, टीनोपाल और स्किम्ड मिल्क पाउडर के एक-एक नमूने सहित कुल नौ नमूने संग्रहित कर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए हैं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि संबंधित खाद्य कारोबारी के विरुद्ध स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
छापामार दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र सिंह, अरुण कुमार राणा, जितेंद्र सिंह, रीना शर्मा और नेहा शामिल थीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित