मथुरा , अगस्त 20 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के सुरीर क्षेत्र में गुरुवार सुबह खेत में टूट कर गिरे 11 हजार वोल्ट के बिजली की तार की चपेट में आने से एक किशोर और एक युवक की मृत्यु हो गयी।

पुलिस ने बताया कि नगला ओहावा निवासी विवेक (15) पुत्र रामकिशन बघेल गुरुवार सुबह अपने पिता को खेत पर चाय देकर वापस लौट रहा था। बताया गया कि खेत में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का तार टूटकर धान के खेत में पड़ा हुआ था। इसी दौरान तार की चपेट में आने से विवेक करंट की चपेट में आ गया।

विवेक की चीख पुकार सुन कर पड़ोस के खेत में चारा काट रहे गोविंद सिंह (22) उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन खेत में फैले करंट की चपेट में वह भी आ गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही सुरीर सहित आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर एसडीएम मांट चंद्रभूषण प्रताप भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए टूटे तारों और जर्जर विद्युत लाइनों की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित