मथुरा , जून 02 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता हाथों में जलते दीपक लेकर कलेक्ट्रेट स्थित जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचे और बिजली कटौती के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष मुकेश सिंह धनगर ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिले में अघोषित बिजली कटौती तथा लो-वोल्टेज की समस्या पर नाराजगी जताई।

श्री धनगर ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बिजली कटौती की जा रही है, जिससे आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है और जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन जनप्रतिनिधि और प्रशासन इस समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आज के आधुनिक दौर में भी लोग पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण लालटेन और दीपक के सहारे जीवन यापन करने को मजबूर हैं। इसी स्थिति को प्रतीकात्मक रूप से प्रदर्शित करने के लिए कार्यकर्ता हाथों में दीपक लेकर जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचे।

उन्होंने मांग की कि जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए तथा अघोषित कटौती पर प्रभावी रोक लगाई जाए। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो पार्टी जनहित में व्यापक आंदोलन शुरू करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित