मथुरा , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के छाता क्षेत्र में शनिवार को एक संत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद भारी बवाल हो गया। आक्रोशित लोगों ने दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर पथराव किया, जिससे कई घंटों तक यातायात बाधित रहा।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि 'फरसा वाले बाबा' के नाम से प्रसिद्ध बाबा चंद्रशेखर महाराज की एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में उनके अनुयायी और ग्रामीण सड़कों पर उतर आए और इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।
आगरा रेंज के डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि एक कंटेनर की जांच के दौरान पीछे से आए ट्रक की टक्कर में बाबा चंद्रशेखर उसकी चपेट में आ गए। मौके पर किसी प्रकार के गोवंश मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद उग्र भीड़ ने दिल्ली-आगरा हाईवे को अवरुद्ध कर दिया और राहगीरों के वाहनों के साथ अधिकारियों की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया। पुलिस पर पथराव किए जाने के बाद हालात नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करते हुए आंसू गैस के गोले छोड़े गए और हल्का लाठीचार्ज किया गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया। इस दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया है और उपद्रवियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए। फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है तथा स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित