मथुरा , अगस्त 27 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा में सैन्य क्षेत्र की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश का मामला सामने आया है। थाना सदर बाजार पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस (एमआई) की संयुक्त टीम ने फर्जी आर्मी पहचान पत्र के जरिए कैंट क्षेत्र में प्रवेश करने का प्रयास करने वाले एक संदिग्ध युवक और उसके लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को मिलिट्री इंटेलिजेंस ने आर्मी एरिया में संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे राजाराम (23) निवासी ग्राम खरोट, थाना कोसीकलां, मथुरा को पकड़ा था। तलाशी के दौरान उसके पास से फर्जी आर्मी पहचान पत्र बरामद हुआ। पुलिस ने आशंका जताई है कि वह सैन्य क्षेत्र में जासूसी के उद्देश्य से प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था।
इस मामले में थाना सदर बाजार में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) तथा शासकीय गुप्त बात अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले आरोपी आकाश कुमार (22) निवासी पिसावां, अलीगढ़ को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उसे दोपहर करीब 12:15 बजे क्लेन्सी इंटर कॉलेज से बिजलीघर की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते से पकड़ा गया।
पुलिस ने आकाश कुमार के कब्जे से एक लैपटॉप और दो मोबाइल फोन के अलावा 12 आधार कार्ड, 12 डेबिट कार्ड, छह जाति प्रमाण पत्र, छह निवास प्रमाण पत्र, सात मार्कशीट, दो पैन कार्ड, एक वोटर कार्ड और एक ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया।
वहीं राजाराम के पास से एक सैमसंग मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, एक पैन कार्ड, एक आधार कार्ड और एक बैंक पासबुक बरामद की गई।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच के आधार पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्रवाई में थाना सदर बाजार के प्रभारी निरीक्षक त्रिपुरेश कौशिक, उपनिरीक्षक दिनेशचंद शर्मा, उपनिरीक्षक रजत कुमार, हेड कांस्टेबल अमित कुमार, प्रधान कांस्टेबल ललित कुमार और मथुरा कैंट के सैन्य नायक जितेंद्र सिंह की प्रमुख भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित