मथुरा , सितंबर 11 -- मथुरा में गोवर्धन मठ पुरी के ब्रह्मलीन शंकराचार्य स्वामी श्री निरंजनदेव तीर्थ जी महाराज की 30वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में दो दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य रूप से हुआ।

इस पावन अवसर पर अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कार्यक्रम में शिरकत की और ब्रह्मलीन शंकराचार्य जी के चित्र पर माल्यार्पण कर विधि-विधान से पूजन-आरती की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गोवर्धन मठ पुरी के वर्तमान 145वें पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी श्री अधोक्षजानंद देवतीर्थ जी महाराज का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें बौद्ध धर्म का पवित्र अंगवस्त्र 'खादा', मां तारा का छायाचित्र, विशेष हस्तशिल्प हाथी तथा राज्य सरकार के 10 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक एवं अरुणाचल प्रदेश सरकार का राजकीय स्मृति चिह्न भेंट किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा, "ब्रह्मलीन शंकराचार्य स्वामी श्री निरंजनदेव तीर्थ जी महाराज ने सदैव देश और समाज को एक नई और सही दिशा दिखाने का महान कार्य किया है। आज वर्तमान शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ जी महाराज भी उसी गौरवशाली परंपरा और सेवा भाव को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं।"दो दिवसीय इस महोत्सव के तहत कल दोपहर 12 बजे एक विशाल श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। इस श्रद्धांजलि सभा में सम्मिलित होने और पूज्य महाराज जी को नमन करने के लिए देश के कोने-कोने से श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम लगातार जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित