मथुरा , जून 8 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के फरह क्षेत्र में सोमवार शाम दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 पर यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस पलट गई। इस हादसे में दो महिला यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिये है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि दिल्ली से आगरा की तरफ बेहद तेज रफ्तार में जा रही बस महुअन टोल प्लाजा के पास सामने आए एक ट्रक को बचाने के प्रयास में डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गयी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार बहुत तेज थी। जैसे ही वह पलटी, तेज आवाज हुई और अंदर बैठे यात्रियों की चीख-पुकार दूर तक सुनाई देने लगी। कई यात्री बस के मलबे के अंदर ही फंस गए थे, जिन्हें शीशे तोड़कर बाहर निकाला गया।
हादसे की वजह से दिल्ली-आगरा हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और काफी देर तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को हाईवे से हटाकर किनारे किया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित