मथुरा , अक्टूबर 24 -- मथुरा जिले के थाना हाईवे क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में डकैती की योजना बना रहे छह शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना हाईवे पुलिस को शनिवार भोर में करीब 04:45 बजे मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि रोडवेज बस अड्डे के पास गुरु कृपा संगम के सामने जाने वाले रास्ते पर कुछ बदमाश छिपकर डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए मौके पर पहुंचकर बदमाशों की घेराबंदी कर ली। पुलिस को अपनी ओर आता देख बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से उन पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस पार्टी ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश नीरज पुत्र ओमप्रकाश (निवासी पूजा एन्क्लेव कृष्णा नगर, थाना कोतवाली, मथुरा) और सौरभ पुत्र दौजीराम (निवासी हंसराज कॉलोनी, थाना हाईवे, मथुरा) के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों घायलों समेत उनके चार अन्य साथियों सचिन पुत्र सत्यपाल सिंह, अजीत पुत्र नवल सिंह, गोपाल पुत्र कप्तान सिंह और अनुराग पुत्र उमाशंकर (सभी निवासी थाना हाईवे क्षेत्र, मथुरा) को भी मौके से दबोच लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 03 देशी तमंचे (.315 बोर), 01 तमंचा (.303 बोर), 06 जिंदा कारतूस (.315 बोर), 02 जिंदा कारतूस (.303 बोर), 02 खोखा कारतूस (.315 बोर), एक नुकीला हत्था लगा हुआ सरिया, एक लोहे का पाइप और दो लोहे के एंगल बरामद किए हैं।
मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाशों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस द्वारा सभी अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित