मथुरा , मार्च 30 -- दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रैक्टरों से लदा एक ट्रोला गोकुल रेस्टोरेंट के पास स्थित फ्लाईओवर पर अनियंत्रित होकर आधा लटक गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार ट्रोला अचानक संतुलन खो बैठा और पुल की रेलिंग पर चढ़ते हुए उसका एक हिस्सा हवा में झूलने लगा। ट्रोले में कई ट्रैक्टर लदे होने के कारण उसका वजन अधिक था, जिससे स्थिति और खतरनाक हो गई। पुल के नीचे सर्विस रोड होने से हादसे की आशंका बढ़ गई और क्षेत्र में दहशत फैल गई।

हादसे में ट्रोला चालक घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवे पर यातायात को नियंत्रित किया। इस दौरान कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

ट्रोला हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई, लेकिन उसे हटाने के तरीके को लेकर विवाद खड़ा हो गया। क्रेन संचालकों का कहना था कि पहले ट्रोले में लदे ट्रैक्टरों को उतारना जरूरी है, अन्यथा संतुलन बिगड़ने से बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं ट्रोला मालिक बिना ट्रैक्टर उतारे ही वाहन हटाने पर अड़ा रहा। हालात को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की निगरानी में ट्रोले को सुरक्षित हटाने की कार्रवाई की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित