मथुरा , मई 27 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के थाना हाईवे क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रेलवे ट्रैक के पास बने रेलवे ग्राउंड में बुधवार सुबह एक किशोर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। प्रथम दृष्टया मामला बेरहमी से हत्या का प्रतीत हो रहा है, क्योंकि मृतक के चेहरे और गले पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए शव को तुरंत पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने खुद मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कमान संभाल ली है। एसएसपी ने बताया कि घटना के त्वरित खुलासे और आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की 04 विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो विभिन्न पहलुओं पर काम कर रही हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है ताकि घटना के समय और आरोपियों की मूवमेंट का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही, पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक बच्चे की शिनाख्त (पहचान) करने के प्रयासों में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित