मथुरा , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में कोषागार से जुड़े 1.62 करोड़ रुपये के गबन मामले में पुलिस ने पूरी धनराशि बरामद कर सरकारी खजाने में जमा करा दी है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि थाना सदर बाजार में 10 फरवरी को प्रभारी सहायक कोषाधिकारी की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में आरोपी सहायक लेखाकार अभिषेक, निवासी गोविंदनगर, के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान सामने आया कि आरोपी ने छह मृतक पेंशनरों एवं आश्रितों को अभिलेखों में जीवित दर्शाकर फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार किए। इसके बाद उसने रिकॉर्ड में हेरफेर कर पेंशन की धनराशि अपने निजी बैंक खातों में स्थानांतरित कर ली। इस प्रकार आरोपी ने कुल 1,62,34,328 रुपये का गबन किया।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान गबन की गई संपूर्ण राशि बरामद कर ली। बरामद धनराशि पर प्राप्त ब्याज एवं अतिरिक्त रकम सहित कुल 1,65,41,191 रुपये जिला कोषागार, मथुरा में जमा करा दिए गए हैं। इसके साथ ही सरकारी धन की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित हो गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक त्रिपुरेश कौशिक, उपनिरीक्षक हरेन्द्र कसाना, उपनिरीक्षक मोनू कुमार तथा कांस्टेबल सौरभ कुमार की प्रमुख भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित