मथुरा , जून 02 -- मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) ने गोवर्धन क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान चलाते हुए सौंख रोड स्थित एक अवैध कॉलोनी की साइट पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि गोवर्धन के सौंख रोड पर राहुल चौधरी द्वारा लगभग 5000 वर्ग मीटर भूमि पर बिना स्वीकृत ले-आउट और आवश्यक अनुमतियों के अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। मामले की जानकारी मिलने पर एमवीडीए ने उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम, 1973 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की।

उन्होंने बताया कि प्राधिकरण की ओर से संबंधित पक्ष को अपना पक्ष रखने तथा कॉलोनी से संबंधित वैध अभिलेख और स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि में न तो कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत किया गया और न ही संबंधित व्यक्ति प्राधिकरण के समक्ष उपस्थित हुआ।

इसके बाद सक्षम अधिकारी के आदेश पर उक्त स्थल को अवैध कॉलोनी घोषित करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए। मंगलवार को प्राधिकरण के प्रवर्तन दल ने पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बनाए गए रास्तों, बाउंड्रीवाल तथा अन्य प्रारंभिक निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।

एमवीडीए अधिकारियों ने कहा कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि किसी भी कॉलोनी में भूखंड खरीदने से पहले उसके स्वीकृत ले-आउट और मानचित्र की जानकारी प्राधिकरण से अवश्य प्राप्त कर लें। बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों में निवेश करने से भविष्य में आर्थिक नुकसान की आशंका बनी रहती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित