दतिया , जुलाई 30 -- मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल तथा दतिया विधानसभा उपचुनाव के भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने गुरुवार को संपन्न हुए उपचुनाव में उत्साहपूर्वक मतदान करने वाले मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
श्री खण्डेलवाल ने कहा कि दतिया की जागरूक जनता ने बड़ी संख्या में मतदान कर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी अटूट आस्था और विश्वास का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में जनता की सक्रिय भागीदारी सबसे बड़ी शक्ति होती है और दतिया के मतदाताओं ने अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग कर इसका परिचय दिया है।
उन्होंने युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि सभी वर्गों की सहभागिता लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मतदाताओं ने प्रदेश के विकास, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भारत निर्वाचन आयोग, जिला निर्वाचन प्रशासन, पुलिस प्रशासन, सुरक्षा बलों, मतदान दलों तथा चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित मतदान संपन्न कराने के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही भाजपा के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के योगदान की भी सराहना की।
उधर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने भी विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दतिया की जनता ने बड़ी संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी अटूट आस्था और जिम्मेदारी का परिचय दिया है।
उन्होंने निर्वाचन आयोग, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, सुरक्षा बलों, मतदान दलों तथा चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का धन्यवाद देते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से मतदान प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
श्री तिवारी ने भाजपा के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और चुनाव अभियान में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने विश्वास जताया कि दतिया की जनता का जनादेश क्षेत्र के विकास, सुशासन और उज्ज्वल भविष्य को नई दिशा देगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित