भीलवाड़ा , सितम्बर 09 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर में एक चौंकाने वाले घटनाक्रम के तहत वार्ड नंबर पांच से कांग्रेस के प्रत्याशी कुलदीप खटीक ने मतदान के दिन हीचुनाव से पीछे हटते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी पंकज घारू को समर्थन दे दिया। इसके अलावा वार्ड नंबर नौ से निर्दलीय प्रत्याशी विशाल खटीक ने भी भाजपा के प्रत्याशी राजकुमार माली को अपना समर्थन दे दिया। मतदान के दिन हुए इस बड़े उलटफेर से कस्बे में हड़कंप मच गया।
कांग्रेस के प्रत्याशी कुलदीप खटीक ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि उसका परिवार शुरू से ही भाजपा को वोट देता आया है और उसने कांग्रेस में आपसी कलह देखकर अपना मन बदल लिया। उन्होंने कहा कि उसने अपनी मर्जी से भाजपा प्रत्याशी को समर्थन दिया है।
इस दौरान जहाजपुर के जन संवाद केंद्र पर भाजपा विधायक गोपीचंद मीणा ने कांग्रेस के प्रत्याशी कुलदीप खटीक और निर्दलीय प्रत्याशी विशाल खटीक का माला और साफा पहनाकर स्वागत किया। श्री मीणा की इस रणनीति से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित