कोलकाता , फरवरी 14 -- पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है। छत्तीस वर्षीय युवक की कथित तौर पर हत्या कर उसका शव के टुकड़े करके नहर में फेंक दिया गया। आरोप है कि उसे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत दस्तावेज जमा करने के बहाने बुलाया गया था।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। यह वारदात शुक्रवार रात बदुरिया इलाके में हुई। लगातार पूछताछ और तलाशी अभियान के बाद पुलिस ने शुक्रवार रात नहर से मृतक के शरीर के टुकड़े बरामद किये। उसका सिर हालांकि अब तक नहीं मिला है।
मृतक की पहचान 36 वर्षीय नासिर अली के रूप में हुई है, जो बदुरिया क्षेत्र के पापिला गांव का निवासी था। जांचकर्ताओं के मुताबिक, बीएलओ रिजवान हसन मंडल उर्फ मोंटू को गिरफ्तार किया गया है, जो पापिला के बूथ नंबर 22 से जुड़ा था। दूसरे आरोपी सागर गाइन को भी हिरासत में लिया गया है।
नासिर नौ फरवरी की शाम से लापता था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उसी शाम उसे एक फोन कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को सहायक निर्वाचन अधिकारी (एआरओ) बताते हुए एसआईआर से संबंधित कार्य के लिए आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र की फोटोकॉपी के साथ स्थानीय बीएलओ से तत्काल मिलने को कहा था।
घर से निकलने के बाद जब नासिर वापस नहीं लौटा और उसका मोबाइल फोन बंद मिला, तो परिवार ने बदुरिया थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।अगले दिन चात्रा इलाके में एक नहर के पास नासिर की मोटरसाइकिल और जूते लावारिस हालत में मिले, जिससे संदेह गहराया। जांच तेज होने पर पुलिस ने रिजवान मंडल और सागर गाइन को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों को बसीरहाट उप-विभागीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान बदुरिया और आसपास के इलाकों में पुलों के नीचे तथा नहरों के किनारे तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान नासिर के शरीर के टुकड़े तीन अलग-अलग बैग में पैक कर नहर में फेंके हुए बरामद किये गये। हत्या का सटीक मकसद अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
मृतक की पत्नी ब्यूटी खातून बीबी ने कहा कि उनके पति का किसी से कोई विवाद नहीं था। उन्होंने कहा, "रिजवान हमारे परिचित थे और मेरे पति के दोस्त माने जाते थे। मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि ऐसा होगा। जो भी जिम्मेदार हैं, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।"पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने, लापता अंगों की तलाश करने और यह जांचने के लिए कि क्या इस अपराध में अन्य लोग भी शामिल थे, जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित