वाराणसी , अक्टूबर 14 -- निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और पात्र नागरिकों के नाम हटाए जाने के विरोध में साझा संस्कृति मंच ने बुधवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम पांच सूत्री मांग पत्र प्रशासन को सौंपा।
मंच ने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना प्रत्येक पात्र नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रयोग के लिए आवश्यक है। एसआईआर प्रक्रिया के दौरान नाम हटाने की कार्रवाई में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। किसी भी पात्र नागरिक का नाम हटाए जाने पर उसे इसकी सूचना देने और अपना पक्ष रखने का अवसर मिलना चाहिए।
मंच ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त का इस्तीफा लेने तथा निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा एसआईआर प्रक्रिया रद्द करने और उसके प्रभावों की समीक्षा करने, फॉर्म-6 के माध्यम से नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया में संशोधनों को वापस लेने तथा प्रक्रिया सरल बनाने की मांग की गई।
ज्ञापन में वाराणसी जिले में एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए नामों की कुल संख्या और विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग भी शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित