होशियारपुर , अक्टूबर 03 -- पंजाब में होशियारपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दलजीत सिंह गिलजियां ने मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं की जांच और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की है।

श्री गिलजियां ने यहां कांग्रेस भवन में शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 'वोट चोरी' से जुड़े आरोपों को केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित रखने के बजाय मतदाता सूचियों से संबंधित दावों और आपत्तियों की निष्पक्ष जांच कर तथ्य जनता के सामने रखे जाने चाहिए। मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई पात्र नागरिक सूची से बाहर न हो और अपात्र व्यक्तियों के नाम शामिल न किये जायें। उन्होंने हटाये गये मतदाताओं को कानून के अनुसार अपना पक्ष रखने का अवसर देने तथा पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया से संबंधित सभी सूचनाएं राजनीतिक दलों और आम जनता के लिए स्पष्ट रूप से उपलब्ध करायी जानी चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि मतदान किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है।

इस अवसर पर पूर्व विधायक पवन आदिया और अरुण डोगरा समेत कांग्रेस के कई नेता मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित