जालौन , अक्टूबर 02 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में शुक्रवार को मतदाता सूची में अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों को लेकर समाजवादी पार्टी जिले में 2 से 8 अक्टूबर तक जनजागरण अभियान चलाएगी।
इकलासपुरा स्थित सपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर जनता को इस मुद्दे से अवगत कराया जाएगा।
दीपराज गुर्जर ने पश्चिम बंगाल और बिहार के चुनावों में भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि माधौगढ़, कालपी और उरई विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों में अब भी डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव के लिए मतदाता सूची का पारदर्शी और त्रुटिरहित होना आवश्यक है।
सांसद नारायण दास अहिरवार ने कहा कि वोट चोरी के मुद्दे पर देश और प्रदेश में लोगों में आक्रोश है। सपा लोकतांत्रिक तरीके से जनता के बीच अपनी आवाज उठाएगी। पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीराम पाल ने बताया कि इस तरह के अभियान अन्य जिलों में भी चलाए जा रहे हैं। पूर्व मंत्री हरिओम उपाध्याय ने जिला निर्वाचन कार्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध वर्ष 2026 की अंतिम मतदाता सूची और उरई, कालपी व माधौगढ़ की नो मैपिंग एवं तार्किक विसंगतियों वाली मतदाता सूचियों का उल्लेख किया।
पत्रकार वार्ता में पूर्व कोषाध्यक्ष महेश द्विवेदी सर वरिष्ठ सपा नेता अमर सिंह चंदेल समरजीत सिंह गुड्डू महेवा महेश शिरोमणि दोहरे, तिलकचंद अहिरवार, महेंद्र कठेरिया, प्रदीप दीक्षित, शिवराम कुशवाहा, सुरेंद्र यादव बजरिया, कुसुम सक्सेना, रश्मि पाल, दीपशिखा श्रीवास, लाखन सिंह कुशवाहा समेत अनेक पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित