चंडीगढ़ , जुलाई 11 -- हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने राज्य के सभी मतदाताओं से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) और चुनाव कर्मचारियों को पूरा सहयोग देने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रह कर रहे हैं, इसलिए सभी नागरिक समय रहते अपने प्रपत्र भरकर जमा करें।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि चुनाव संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा, सरकारी कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार या कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सटीक और अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है। एसआईआर प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 14 जुलाई है। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा से पहले अपने-अपने बीएलओ को प्रपत्र सौंपने का आग्रह किया।
ए. श्रीनिवास ने बताया कि 10 जुलाई को सिरसा जिले के ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र के नथूसरी चौपटा गांव के बूथ नंबर-73 पर चुनाव ड्यूटी के दौरान कुछ लोगों ने बीएलओ और उनके सहायक के साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार किया और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई।
घटना की सूचना मिलते ही जिला निर्वाचन प्रशासन और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित