पौड़ी , मई 27 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के प्रभावी संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बुधवार को जिला संपर्क केंद्र, सहायता केंद्र एवं नियंत्रण कक्ष में तैनात कार्मिकों को प्रशिक्षण देकर कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) कक्ष में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह ने कार्मिकों को पुनरीक्षण प्रक्रिया, पात्रता मानकों, समय-सीमा और मतदाता सहायता से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला स्तर एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी स्तर पर सहायता केंद्र सक्रिय कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इन केंद्रों पर मतदाताओं को नामावली एवं गणना प्रपत्र ऑनलाइन और ऑफलाइन भरने तथा जमा करने में सहयोग दिया जाएगा। साथ ही पूर्व एसआईआर अभिलेखों से जानकारी खोजने और आवश्यक विवरण जोड़ने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
प्रशासन ने प्रवासी मतदाताओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की है, ताकि वे अपने वर्तमान और पूर्व विधानसभा क्षेत्र की सही पहचान कर सुगमता से पंजीकरण करा सकें। इसके अतिरिक्त मतदाताओं को निर्वाचन आयोग की हेल्पलाइन 1950 तथा ईसीआईनेट मोबाइल एप के उपयोग संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला संपर्क केंद्र-1950 एवं नियंत्रण कक्ष प्रभारी राजेश कोहली, मदन सेमवाल, राजेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित कार्मिक मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित