पटना , सितंबर 25 -- राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक एवं बिहार सरकार में शामिल राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) ने चुनाव आयोग में मतभेद की रिपोर्टाें के बीच कहा है कि आयोग को इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

रालोमो के अध्यक्ष एवं सांसद उपेन्द्र कुशवाहा ने शुक्रवार को पार्टी की यहां जारी विज्ञप्ति में कहा कि मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया से संबंधित विवाद पर जनता में काफी उलझन की स्थिति पैदा हो गयी है। इस विषय का समाधान करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भ्रम दूर करने के लिए चुनाव आयोग को अविलंब स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।

पार्टी के बिहार प्रदेश प्रवक्ता नितिन भारती ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करके बताया है कि श्री कुशवाहा ने महसूस किया है कि हाल ही में एक समाचारपत्र में प्रकाशित खबरों के बाद एसआईआर को लेकर आम लोगों में उलझन और भ्रम की स्थिति पैदा हुई है। इस विषय में चुनाव आयोग ही स्थिति स्पष्ट कर सकता है। इसलिए श्री कुशवाहा ने चुनाव आयोग से अनुरोध किया है कि इस भ्रम की स्थिति को दूर करते हुए वास्तविक स्थिति से जनता को अवगत कराया जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित