अमृतसर , जून 15 -- निर्वाचन आयोग द्वारा पंजाब में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और सूची में मौजूद त्रुटियों को दूर करना है।
इसी अभियान को त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के लिए जिला प्रशासन अमृतसर द्वारा निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किये जा रहे हैं। इस कड़ी में सोमवार को विधानसभा क्षेत्र अमृतसर उत्तर, अमृतसर पश्चिम और अमृतसर पूर्व के बीएलओ को प्रशिक्षण दिया गया।
अमृतसर के जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ को 21 जून तक एसआईआर प्रक्रिया संबंधी विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पूरे पंजाब में प्री-एसआईआर अभ्यास के तहत मतदाताओं की मैपिंग युद्ध स्तर पर की जा रही है। अमृतसर जिले में कुल 19,73,071 मतदाताओं में से 17,51,918 मतदाताओं (88.79 प्रतिशत) का वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साथ सफलतापूर्वक मिलान किया जा चुका है। शेष 2,21,153 मतदाताओं की मैपिंग के लिए जिला प्रशासन विशेष अभियान चलाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार सभी बीएलओ 25 जून से 24 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता के गणना प्रपत्र भरेंगे। इसी अवधि के दौरान मतदान केंद्रों के युक्तिकरण की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) तीन अगस्त 2026 को प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद तीन अगस्त से दो सितंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
दावों और आपत्तियों का निपटारा तीन अगस्त से 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद एक अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे बीएलओ को आवश्यक सहयोग दें, ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह सटीक और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित