मोहाली , सितंबर 28 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना देकर चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला भी जलाया गया।
श्री सिद्धू ने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में लोगों को मतदान के अधिकार से वंचित किया गया है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों में पारदर्शिता, उचित सत्यापन और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 महीनों में निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने निर्वाचन आयोग के विभिन्न फैसलों और आदेशों को लेकर कई बार लिखित आपत्तियां दर्ज की हैं। उनके अनुसार, ये आपत्तियां नये मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूचियों में नाम जोड़ने या हटाने, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदाता आंकड़ों के रखरखाव से संबंधित थीं। सिद्धू ने इन दावों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की।
निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर श्री ज्ञानेश कुमार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त तथा सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी को निर्वाचन आयुक्त के रूप में सूचीबद्ध किया गया है। आयोग एसआईआर-2026 के तहत मतदाता सूची और मतदाता सेवाओं से संबंधित ऑनलाइन सुविधाएं भी उपलब्ध करा रहा है।
श्री सिद्धू ने पंजाब विधानसभा चुनाव तक एसआईआर रोकने और पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से नहीं हटाने की मांग की। उन्होंने नये मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी मतदाता सूचियों और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दे उठाते रहे हैं। श्री सिद्धू ने कहा कि किसी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाये जाने या फर्जी मतदान की शिकायत मिलने पर निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
श्री सिद्धू ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि निर्वाचन आयोगको सभी राजनीतिक दलों से समान दूरी बनाये रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विवादों और शिकायतों की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए तथा अनियमितता मिलने पर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के अधिकारों और चुनाव प्रक्रिया में विश्वास की रक्षा के लिए कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित