हैदराबाद , जून 19 -- तेलंगाना भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने शुक्रवार को कहा कि मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) मतदाता सूचियों को संशोधित और अद्यतन करने के लिए चुनाव आयोग की आरे से की जाने वाली संवैधानिक कवायद है और यह भाजपा का कोई कार्यक्रम नहीं है।

रंगा रेड्डी शहरी जिले के लिए नागोले में भाजपा कार्यकर्ताओं की कार्यशाला को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से अब तक 11 बार एसआईआर का आयोजन किया जा चुका है और पिछली बार यह कवायद 2002 में हुई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, बीआरएस और एआईएमआईएम यह दावा कर गलतफहमी फैला रहे हैं कि मुस्लिम वोट हटा दिये जायेंगे।

श्री रामचंद्र राव ने स्पष्ट किया कि किसी भी समुदाय के किसी भी वास्तविक मतदाता के मतदान का अधिकार खत्म नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इस कवायद का उद्देश्य मृत, दोहराव और फर्जी मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से हटाना है।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि केवल भारतीय नागरिक ही वोट देने के पात्र हैं और उन्होंने अवैध तथा फर्जी प्रविष्टियों को हटाने की मांग की।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं, विशेषकर बीएलए-2 प्रतिनिधियों से एसआईआर प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने, मतदाताओं की मदद करने, दोहराव और मृत मतदाताओं की पहचान करने तथा यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि सभी वास्तविक मतदाताओं के नाम सूची में बने रहें।

यह कहते हुए कि भविष्य के चुनाव संशोधित मतदाता सूचियों के आधार पर ही कराये जायेंगे, उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से इस कवायद के बारे में जागरूकता पैदा करने और विपक्षी दलों के झूठे प्रचार का जवाब देने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित