भोपाल , अक्टूबर 01 -- मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग की ब्रांड एम्बेसेडर सारिका घारू ने 29 सितंबर को संपन्न पंचायत उपनिर्वाचन में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए संचालित मतदाता जागरूकता गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट आयोग के सचिव दिनेश श्रीवास्तव को सौंपी। रिपोर्ट में मतदाताओं से सीधे संवाद के माध्यम से प्राप्त जमीनी फीडबैक भी शामिल किया गया है।

सारिका घारू ने बताया कि पंचायत उपनिर्वाचन में राज्य स्तर पर व्यापक मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं। ग्रामीण परिवेश को ध्यान में रखते हुए पपेट शो और पारंपरिक माध्यमों का उपयोग कर मतदाताओं को उनके अधिकार और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।

उन्होंने बताया कि आमतौर पर पंचायत चुनावों में आधिकारिक स्तर पर मतदाता जागरूकता गतिविधियां सीमित रहती हैं, लेकिन इस बार राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार श्रीवास्तव और सचिव दिनेश श्रीवास्तव की पहल पर राज्य स्तर पर विशेष प्रयास किए गए। उपनिर्वाचन होने के बावजूद विभिन्न क्षेत्रों में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए गतिविधियां संचालित की गईं।

आयोग की अवर सचिव रीता डेहरिया ने रिपोर्ट में शामिल फीडबैक के आधार पर आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में मतदाता जागरूकता के लिए दिशा-निर्देश दिए। सारिका घारू ने बताया कि मतदाताओं से सीधे संवाद कर प्राप्त फीडबैक भविष्य के चुनावों के लिए जागरूकता रणनीति तैयार करने में मददगार होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित