संगारेड्डी , जून 23 -- तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य महेश कुमार गौड़ ने मंगलवार को कांग्रेस के बूथ स्तर के एजेंटों (बीएलए) से सतर्क रहने और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया की पूरी समझ विकसित करने का आह्वान किया।

श्री गौड़ ने संगारेड्डी जिले के संगुपेट में अंदोल निर्वाचन क्षेत्र के कांग्रेस बीएलए की एक जागरूकता बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बीएलए की भूमिका यह सुनिश्चित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण है कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान कोई त्रुटि न हो। उन्होंने मतदाता सूची से धर्मनिरपेक्ष वोटों को हटाने के प्रयासों पर चिंता व्यक्त की। श्री गौड़ ने इस बात पर जोर दिया कि चुनाव आयोग को एक स्वायत्त संवैधानिक निकाय के रूप में कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टी. एन. शेषन के कार्यकाल में इस संस्था ने व्यापक सम्मान अर्जित किया था।

श्री गौड़ ने प्रत्येक वोट के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि एक अकेला वोट भी किसी सरकार का भाग्य तय कर सकता है। उन्होंने सभी बीएलए से आग्रह किया कि वे पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराना सुनिश्चित करें और पार्टी नेताओं के मिलकरक काम करें। उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने अपने चुनावी वादों का लगभग 70 प्रतिशत पूरा कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गरीबों का कल्याण और महिलाओं का सशक्तिकरण सरकार के प्राथमिक उद्देश्य बने हुए हैं। उन्होंने भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि लोग उसके पिछले शासन को भूले नहीं हैं।

बैठक में कांग्रेस की तेलंगाना प्रभारी मीनाक्षी नटराजन, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) सचिव सचिन सावंत, मंत्री दामोदर राजा नरसिम्हा, विधायक पारगी राममोहन रेड्डी, टीपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष टी. जग्गा रेड्डी और पार्टी के अन्य नेता शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित