चेन्नई , मई 31 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और 'तमिलगा वेट्ट्री कझगम' (टीवीके) के संस्थापक विजय मतदाताओं का आभार जताने और उनके प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए सोमवार को त्रिची ईस्ट विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगे। यह उन दो सीटों में से एक है, जहां से उन्होंने हालिया चुनावों में जीत हासिल की थी और बाद में इस सीट से इस्तीफा दे दिया था।
राज्य के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में 10 मई को कार्यभार संभालने के बाद त्रिची ईस्ट का उनका यह पहला दौरा होगा। अपने पहले चुनावी सफर में श्री विजय ने चेन्नई की पेरम्बूर और त्रिची ईस्ट दोनों सीटों से द्रमुक के मौजूदा विधायकों को हराकर जीत दर्ज की थी। उन्होंने हालांकि त्रिची ईस्ट सीट से इस्तीफा दे दिया था, जहां से उन्होंने 27,000 से अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। चेन्नई से चार्टर्ड विमान से शाम करीब 4:00 बजे त्रिची पहुंचने पर वे चथिरम बस स्टैंड के सामने स्थित सेंट जोसेफ कॉलेज में आयोजित होने वाली एक आभार सभा को संबोधित करेंगे।जनसभा से पहले वे रोड शो भी करेंगे। 10 मई को अपने शपथ ग्रहण समारोह के बाद उनका पहला जन संबोधन होगा। उनकी सुरक्षा के लिए त्रिची ईस्ट में पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किये हैं, ताकि आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित